Careers360 Logo
ask-icon
share
    15 अगस्त पर भाषण (15 August Speech in Hindi) - स्वतंत्रता दिवस पर भाषण 10 लाइन, छोटा और बड़ा
    • लेख
    • 15 अगस्त पर भाषण (15 August Speech in Hindi) - स्वतंत्रता दिवस पर भाषण 10 लाइन, छोटा और बड़ा

    15 अगस्त पर भाषण (15 August Speech in Hindi) - स्वतंत्रता दिवस पर भाषण 10 लाइन, छोटा और बड़ा

    Switch toEnglish IconHindi Icon
    Alok MishraUpdated on 05 Aug 2026, 09:05 AM IST
    Switch toEnglish IconHindi Icon

    15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August Speech in Hindi) - देश का हर शहर, मोहल्ला हर साल 15 अगस्त को देश भक्ति गीतों से गुंजायमान हो जाता है। 15 अगस्त देश के इतिहास का वह दिन है जब हमारे देश भारत को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली और हमारा देश एक गणराज्य की ओर अग्रसर हुआ। पराधीनता के श्राप से 200 वर्षों के लंबे तथा रक्तरंजित संघर्ष के बाद हमें 15 अगस्त 1947 को आजादी हासिल हुई। प्रत्येक वर्ष यह दिन भारत में स्वतंत्रता दिवस के तौर पर मनाया जाता है। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त भारत का एक राष्ट्रीय पर्व है, ऐसे में इस दिन हर विद्यालय और शासकीय संस्थानों के साथ ही निजी स्तर पर भी प्राइवेट संस्थाओं द्वारा कई जगह विशेष आयोजन किए जाते हैं, जहां समाज के वरिष्ठ व सम्मानीय व्यक्तियों द्वारा 15 अगस्त पर हिंदी में भाषण (15 August speech in hindi) दिया जाता है। 15 अगस्त पर दिए जाने वाले इन हिंदी भाषणों में (15 August Speech in Hindi) में स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश को स्वतंत्र कराने के लिए हुए आंदोलन और उससे जुड़ी घटनाओं पर प्रकाश डाला जाता है। स्कूल-कॉलेज आदि में स्वतंत्रता दिवस पर भाषण प्रतियोगिता में पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं।
    स्वतंत्रता दिवस पर निबंध | शिक्षक दिवस पर निबंध | हिंदी दिवस पर भाषण | हिंदी दिवस पर कविता

    This Story also Contains

    1. 15 अगस्त – स्वतंत्रता दिवस पर भाषण
    2. स्वतंत्रता दिवस पर भाषण
    3. 15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) - 15 अगस्त पर संक्षिप्त भाषण (Short Speech on 15 August)
    4. 15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) - 15 अगस्त पर लंबा भाषण (Long Speech on 15 August)
    5. 15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) - 15 अगस्त पर 10 पंक्तियाँ (10 Lines On 15 August)
    6. स्वतंत्रता दिवस कोट्स (independence day quotes in hindi)
    7. 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) पर भाषण
    8. स्वतंत्रता दिवस पर 2 मिनट का भाषण
    9. स्वतंत्रता दिवस पर 5 मिनट का भाषण
    10. स्वतंत्रता दिवस पर जोशीला मंचीय भाषण (5 मिनट)
    11. स्वतंत्रता दिवस के लिए 10 प्रसिद्ध और प्रभावशाली पंक्तियां
    15 अगस्त पर भाषण (15 August Speech in Hindi) - स्वतंत्रता दिवस पर भाषण 10 लाइन, छोटा और बड़ा
    स्वतंत्रता दिवस पर भाषण, Independence day speech in hindi, 15 अगस्त पर भाषण, 15 August Speech in Hindi

    15 अगस्त – स्वतंत्रता दिवस पर भाषण

    आदरणीय मंच, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे प्रिय साथियों,

    आज हम सभी यहाँ अपने प्यारे देश भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एकत्रित हुए हैं। हर साल 15 अगस्त को हम भारत की स्वतंत्रता का जश्न मनाते हैं। यह दिन हमें ब्रिटिश शासन से आज़ादी मिलने की याद दिलाता है, जो 15 अगस्त 1947 को पूरी हुई थी।

    स्वतंत्रता प्राप्त करना हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, संघर्ष और बलिदान के बिना संभव नहीं था। महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान नेताओं ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आज़ादी दिलाई।

    आज का दिन केवल जश्न मनाने का नहीं, बल्कि हमें अपने देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी का एहसास कराने का भी दिन है। हमें अपने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए।

    अंत में मैं यही कहना चाहूँगा/चाहूँगी कि हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद रखते हुए अपने देश को प्रगति और समृद्धि की ओर ले जाना चाहिए।

    धन्यवाद।

    स्वतंत्रता दिवस पर भाषण

    हमारे देश भारत के लिए विश्व के इतिहास में 15 अगस्त, 1947 वह ऐतिहासिक दिन है, जब भारत ब्रिटिश शासन यानी अंग्रेजों की हुकूमत से आजाद होकर एक स्वतंत्र राष्ट्र बना। इसलिए 15 अगस्त के दिन देश के हर राज्य, जिले के लोग देशभक्ती गीत और नारों से देश के प्रति अपनी भावनाओं को दर्शाते हैं। स्वतंत्रता दिवस भाषण में हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा के साथ ही देश के समक्ष मौजूद वर्तमान समस्याओं और भावी चुनौतियों के प्रति भी राय व्यक्त की जाती है। 15 अगस्त के अवसर पर कई जगहों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन होता है, जहां हिंदी में 15 अगस्त पर भाषण (15 August speech in hindi) तैयार करके जाने वाले प्रतियोगियों को काफी फायदा मिलता है।
    होली पर निबंधदहेज प्रथा एक अभिशाप पर निबंध देखें | जन्माष्टमी पर निबंध

    इसके अलावा छोटी कक्षा के कई छात्र भी इस विशेष राष्ट्रीय पर्व के दौरान अपने-अपने विद्यालय में आयोजित रंगारंग कार्यक्रमों में हिंदी में 15 अगस्त पर भाषण (15 august speech in hindi) देते हैं। वहीं कई छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंकों के लिए भी हिंदी में 15 अगस्त पर भाषण (15 August speech in hindi) पूछा जाता है, तो वहीं कभी-कभी होम वर्क हेतु छात्रों को हिंदी में स्वतंत्रता दिवस पर भाषण या 15 अगस्त पर लेख/निबंध तैयार करने के लिए भी कहा जाता है। ऐसे छात्र जिनकी हिंदी भाषा पर पकड़ कमजोर होती है या फिर जिनके पास स्वतंत्रता दिवस पर भाषण हिंदी में (independence day speech in hindi) तैयार करने के लिए इतिहास की जानकारी की कमी होती है, उन्हें इस विषय पर हिंदी में भाषण तैयार करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
    ये भी पढ़ें : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भाषण | राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर भाषण | रक्षाबंधन पर निबंध

    यदि आप भी ऊपर उल्लिखित किसी कारण से हिंदी में स्वतंत्रता दिवस पर भाषण (independence day speech in hindi) लिखने या तैयार करने के लिए उचित सामग्री की तलाश कर रहे हैं, तो ये समझिए कि आपकी यह तलाश अब समाप्त हो चुकी है क्योंकि हिंदी में 15 अगस्त पर भाषण विशेष Careers360 के इस लेख में हमने न सिर्फ आपकी सुविधा अनुसार संक्षिप्त व दीर्घ स्वरूप में 15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) तैयार किया है, बल्कि इस लेख में आपको 15 अगस्त के ऊपर 10 पंक्तियों के माध्यम से जानकारी के साथ-साथ 15 अगस्त पर लोकप्रिय कोट्स यानी कथन की भी जानकारी प्राप्त होगी। तो आइए बिना देर किए हिंदी में 15 अगस्त पर भाषण (15 August speech in hindi) को शुरू करते हैं।

    Confused between CGPA and Percentage?

    Get your results instantly with our calculator!

    💡 Conversion Formula used is: CGPA = Percentage / 9.5

    15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) - 15 अगस्त पर संक्षिप्त भाषण (Short Speech on 15 August)

    15 अगस्त 1947 के दिन, भारत ने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की और एक संप्रभु, लोकतांत्रिक तथा गणतंत्र राष्ट्र बन गया। इस अतिविशेष दिन पर हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं, जिन्होंने हमारी स्वतंत्रता के लिए अथक संघर्ष किया। उनका साहस और दृढ़ संकल्प हमें अपने देश के बेहतर और उज्जवल भविष्य के लिए प्रयास करने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

    परंपरा

    इस विशेष दिवस के अवसर पर आइए हम एक नजर पिछले 75 वर्षों में हमारे राष्ट्र द्वारा की गई प्रगति पर भी डालें। इसमें कोई शक नहीं है कि इन बीते 75 वर्षों में हमने कई मील के पत्थर पार किए हैं और कई चुनौतियों को पार किया है, लेकिन हमें अभी भी सभी के लिए समानता, न्याय और समृद्धि सुनिश्चित करने के मामले में एक लंबा रास्ता तय करना है। ऐसे में हमें इस स्वतंत्रता दिवस भारत का एक मजबूत और समावेशी देश के तौर पर निर्माण करने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर जागृत करने की जरूरत है। इस दिन राष्ट्र के नाम पर हम सभी एक संकल्प ले कि देश के सामने आने वाली हर चुनौती का सामना करने के लिए हम मिलकर काम करेंगे और अपने देश को न सिर्फ खुद के लिए, बल्कि "वसुधैव कुटुंबकम" पर अमल करते हुए सभी के लिए एक बेहतर जगह, एक बेहतर देश बनाएंगे।

    जब हम 15 अगस्त समारोह मनाते हैं तो वास्तव में हम एक महान लोकतन्त्र के नागरिक होने का उत्सव भी मनाते हैं। हममें से हर एक की अपनी अलग पहचान है। जाति, पंथ, भाषा और क्षेत्र के अलावा, हमारी अपने परिवार और कार्य-क्षेत्र से जुड़ी पहचान भी महत्वपूर्ण होती है। लेकिन हमारी एक पहचान ऐसी है जो इन सबसे ऊपर है और वह है- भारत का नागरिक होना। हम सभी, समान रूप से, इस महान देश के नागरिक हैं। हम सब को समान अवसर और अधिकार उपलब्ध हैं तथा हमारे कर्तव्य भी समान हैं।

    यह दिन इस बात की भी मिसाल है कि किसी भी लक्ष्य को अगर सच्चे दिल से चाहो, तो उसे प्राप्त करना असंभव नहीं। यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि इससे हमारी वर्तमान पीढ़ी अपने पूर्वजों और शहीदों के द्वारा किए गए आजादी के संघर्ष से परिचित होती है और उसे इस बात का एहसास होता है कि आजादी किस्मत से नहीं मिलती है, बल्कि यह वो हक है, जिसे पाने के लिए अगर हमें अपना सबकुछ भी दांव पर लगाना पड़े, तो भी इससे पीछे नहीं हटना चाहिए।

    इस दिन लहराते तिरंगे को देखते हुए और राष्ट्रगान गाते हुए जब हमारे सैनिक, हमारे शहीद हमें याद आते हैं, तो हर भारतीय के अंदर अद्वितीय रूप से देशभक्ति की भावना का संचार होता है। ऐसे में भारतीय स्वतंत्रता दिवस का महत्व इतना ज्यादा है कि इसे सीमित शब्दों में बयान किया जाना मुमकिन ही नहीं है। इसी के साथ मैं अपनी वाणी को विराम देता हूँ। जय हिंद, जय भारत!

    ये भी पढ़ें : हिंदी में निबंध- भाषा कौशल, लिखने का तरीका जानें

    15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) - 15 अगस्त पर लंबा भाषण (Long Speech on 15 August)

    स्वतंत्रता दिवस पर भाषण : स्वतंत्रता दिवस हमारे देश के इतिहास में एक अति महत्वपूर्ण दिन है। यह वो दिन है जब भारत ने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की और एक संप्रभु राष्ट्र बन गया। इस दिन, हम स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रवादी गौरव की भावना का जश्न मनाने के लिए एक साथ आते हैं जो हमारे देश की "विविधता में एकता" की सूक्ति को परिभाषित करता है। स्वतंत्रता दिवस विशेष इस भाषण में, मैं आज स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालूंगा / डालुंगी, इसकी तुलना दुनिया भर के अन्य देशों के स्वतंत्रता दिवस से करूंगा/करूंगी और स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद से हमारे देश की यात्रा पर अपने विचार आपके सामने रखूंगा / रखूंगी।

    पृष्ठभूमि और महत्व

    महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसी शख्सियतों के नेतृत्व में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से आजादी के लिए एक ऐसा अद्भुत अहिंसक संघर्ष था, जो लगभग तीन दशकों तक चला। 15 अगस्त 1947 को, भारत ने अंततः अपनी स्वतंत्रता प्राप्त की और एक संप्रभु राष्ट्र बन गया।

    स्वतंत्रता दिवस केवल औपनिवेशिक शासन से मुक्ति का उत्सव नहीं है, बल्कि यह एक नए राष्ट्र के जन्म का भी प्रतीक है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए बलिदानों और हमारे स्वशासन के अधिकार के लिए लड़ने वाले हमारे पूर्वजों के संघर्षों को याद करने का दिन भी है। यह हमारे देश की विविधता और एकता का जश्न मनाने और सभी के लिए एक बेहतर भारत बनाने की हमारी प्रतिबद्धता हेतु संकल्प लेने का दिन है।

    अन्य देशों के स्वतंत्रता दिवस से तुलना:

    भारत के स्वतंत्रता दिवस की तुलना अन्य राष्ट्रों के स्वतंत्रता दिवस से की जा सकती है जिन्होंने औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की। उदाहरण के लिए, 4 जुलाई को, संयुक्त राज्य अमेरिका अपना स्वतंत्रता दिवस मनाता है। यह वो दिन है जब 13 उपनिवेशों ने ब्रिटिश शासन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की थी। इसी तरह, 14 जुलाई को, फ्रांस अपना राष्ट्रीय दिवस मनाता है, जिसे बैस्टिल दिवस के रूप में भी जाना जाता है, बैस्टिल जेल की क्रांति को फ्रांसीसी क्रांति की शुरुआत और फ्रांसीसी राजशाही के अंत की बुनियाद माना जाता है।

    हालांकि, भारत का स्वतंत्रता दिवस इस मायने में अनूठा है कि यह लगभग 200 वर्षों के ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के अंत का प्रतीक है, जिसका, आज हम जिस भारत को जानते हैं, उसे आकार देने में, काफी गहरा प्रभाव पड़ा है। यह महात्मा गांधी जैसी शख्सियतों के नेतृत्व में एक अहिंसक संघर्ष भी था, जिन्होंने शांतिपूर्ण विरोध और सविनय अवज्ञा की वकालत की, जो दुनिया भर के अन्य स्वतंत्रता आंदोलनों की तुलना में एक अनूठा दृष्टिकोण था।

    स्वतंत्रता के बाद से भारत की यात्रा :

    साल 1947 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद से, भारत ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास के मामले में एक लंबा सफर तय किया है। भारत ने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। हमने गरीबी, लैंगिक असमानता और जाति आधारित भेदभाव जैसे सामाजिक मुद्दों को खुल कर उठाया है और हमने इसमें प्रगति भी की है।

    हालांकि, अभी भी कई ऐसी चुनौतियां हमारे सामने मुंह खोले खड़ी हैं जिन पर हमें जल्द से जल्द ध्यान देने की आवश्यकता है। भारत अभी भी भ्रष्टाचार, आर्थिक असमानता, प्रदूषण और सांप्रदायिक तनाव जैसे मुद्दों का सामना कर रहा है। मानवाधिकारों की सुरक्षा और देश में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर भी बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा लगातार चिंता जाहिर की जा रही है, जिसकी चाह कर भी अनदेखी नहीं की जा सकती है।

    स्वतंत्रता दिवस हमारे देश के इतिहास में एक स्वर्णिम दिन है। यह एक नए देश के निर्माण, औपनिवेशिक नियंत्रण व अत्याचार के अंत और भारत के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए बलिदान को प्रतिबिंबित करने और हमारे पूर्वजों द्वारा देश की आजादी के लिए किए गए संघर्षों को याद करने का दिन है। यह इस बात पर विचार करने का भी दिन है कि स्वतंत्रता की और स्वतंत्रता के बाद की हमारी यात्रा अन्य देशों की तुलना में कैसी है। यह दिवस हमें एक राष्ट्र, एक झंडे के नीचे खड़े होकर भारत को किसी भी देश से एक बेहतर देश बनाने का संकल्प लेने का दिन है, फिर चाहे हम किसी भी रंग, जाति, धर्म, भाषा आदि के आधार पर एक दूसरे से भिन्न ही क्यों न हों। जय हिन्द, जय भारत।

    15 अगस्त पर भाषण हिंदी में (15 August speech in hindi) - 15 अगस्त पर 10 पंक्तियाँ (10 Lines On 15 August)

    बच्चों को स्वतंत्रता दिवस पर भाषण के साथ 15 अगस्त पर 10 पंक्तियां लिखने काे कहा जाता है। हम नीचे ऐसी 10 पंक्तियां दे रहे हैं जिससे आपको इस विषय पर लिखने में मदद मिलेगी।

    1. वर्ष 1947 में ब्रिटिश शासन से देश को मिली आजादी की स्मृति में भारत में स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त को मनाया जाता है।

    2. इस दिन, सार्वजनिक कार्यालयों / स्थलों के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों व शिक्षण संस्थाओं में भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है और देशभक्ति के गीत बजाए जाते हैं।

    3. इस विशेष दिन भारत के प्रधानमंत्री दिल्ली के लाल किले से भाषण देते हैं, जो देशभर में प्रसारित होता है।

    4. स्वतंत्रता दिवस भारत में एक राष्ट्रीय अवकाश है, इस दिन स्कूल, कार्यालय और व्यवसाय बंद रहते हैं।

    5. लोग अपने घरों और सड़कों को झंडों, गुब्बारों व अन्य देशभक्ति को दर्शाती सजावटी वस्तुओं से सजाते हैं और हर्षोल्लास से इसका जश्न मनाते हैं।

    6. इस दिन देश भर के शहरों और कस्बों में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

    7. स्वतंत्रता दिवस भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि यह ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के अंत और स्वतंत्रता और स्वशासन के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है।

    8. भारत की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सम्मान करने के लिए कई लोग स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लेते हैं।

    9. स्वतंत्रता दिवस लोगों के लिए आजादी के बाद से देश द्वारा की गई प्रगति पर विचार करने और सभी नागरिकों के लिए बेहतर भविष्य बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का भी समय है।

    10. स्वतंत्रता दिवस सभी भारतीयों के लिए राष्ट्रीय गौरव और एकता का दिन है और इसे पूरे देश में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।

    अन्य लेख पढ़ें-

    स्वतंत्रता दिवस कोट्स (independence day quotes in hindi)

    नाम

    स्वतंत्रता दिवस कोट्स (independence day quotes in hindi)

    लोकमान्य बालगंगाधर तिलक

    स्वराज हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है, और हम इसे लेकर रहेंगे।

    नेताजी सुभाष चन्द्र बोस

    तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा।

    शहीद भगत सिंह

    जिंदा रहने की हसरत मेरी भी है लेकिन मैं कैद रहकर अपना जीवन नहीं बिताना चाहता।

    शहीद भगत सिंह

    बम और पिस्तौल से क्रांति नहीं होती। क्रांति की तलवार विचारों के पत्थर पर तेज होती है।

    महात्मा गांधी

    आजादी का कोई मतलब नहीं, अगर इसमें गलती करने की आजादी शामिल न हो।

    रामप्रसाद बिस्मिल

    सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है ज़ोर कितना बाज़ू-ए-क़ातिल में है।

    महात्मा गांधी

    खुद वो बदलाव बनिए, जो दुनिया में आप देखना चाहते हैं।

    डॉ॰ भीमराव अंबेडकर

    जब तक आप सामाजिक स्वतंत्रता नहीं हासिल कर लेते, कानून आपको जो भी स्वतंत्रता देता है वो आपके लिए बेईमानी है।

    नेताजी सुभाष चन्द्र बोस

    आजादी दी नहीं जाती, आजादी छीनी जाती है।

    शहीद भगत सिंह

    जिंदगी तो अपने दम पर जी जाती है, दूसरों के कंधों पर तो सिर्फ जनाजे उठाए जाते हैं।

    ये भी पढ़ें :

    राष्ट्रीय खेल दिवस पर भाषण सीखें

    15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) पर भाषण

    आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सम्मानित शिक्षकगण, प्रिय अतिथिगण एवं मेरे प्यारे साथियों, आप सभी को मेरा सादर नमस्कार।

    आज हम सभी यहाँ अपने देश का 79वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। 15 अगस्त 1947 का दिन भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। इसी दिन हमारा देश लगभग 200 वर्षों की अंग्रेज़ी गुलामी से मुक्त हुआ था। यह आज़ादी हमें लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष के कारण प्राप्त हुई। हम महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई, सरदार वल्लभभाई पटेल और अनेक वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।

    स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि यह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की भी प्रेरणा देती है। एक अच्छे नागरिक के रूप में हमें संविधान का सम्मान करना चाहिए, देश की एकता और अखंडता बनाए रखनी चाहिए, पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए, स्वच्छता अपनानी चाहिए और सभी धर्मों एवं संस्कृतियों का सम्मान करना चाहिए।

    आज भारत शिक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, कृषि, खेल, डिजिटल तकनीक और रक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। हमें अपने देश की उपलब्धियों पर गर्व है। लेकिन हमें यह भी याद रखना चाहिए कि देश का भविष्य हम युवाओं के हाथों में है। यदि हम ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे, तो भारत विश्व में और भी ऊँचा स्थान प्राप्त करेगा।

    आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि हम अपने देश को स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना पूरा योगदान देंगे तथा एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनेंगे।

    अंत में, मैं अपने भाषण का समापन इन पंक्तियों के साथ करता/करती हूं—

    “कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी,
    सदियों रहा है दुश्मन दौर-ए-ज़माँ हमारा।”

    जय हिंद!
    जय भारत!

    धन्यवाद।

    स्वतंत्रता दिवस पर 2 मिनट का भाषण

    आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सम्मानित शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं मेरे प्रिय साथियों,

    आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।

    आज हम 15 अगस्त के उस ऐतिहासिक दिन को मना रहे हैं, जब वर्षों के संघर्ष और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद हमारा देश आज़ाद हुआ। यह दिन हमें उन वीरों की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना भारत माता की स्वतंत्रता के लिए सब कुछ न्योछावर कर दिया।

    भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और अनगिनत वीरों के साहस और त्याग की बदौलत आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में साँस ले रहे हैं। उनका बलिदान हमें हमेशा यह प्रेरणा देता है कि देश सबसे पहले है।

    प्रिय साथियों,

    आज भारत विज्ञान, अंतरिक्ष, खेल, शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। लेकिन देश की असली ताकत उसके युवा हैं। यदि हम ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और देशभक्ति को अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो भारत को दुनिया की सबसे शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

    आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि हम अपने देश का सम्मान करेंगे, पर्यावरण की रक्षा करेंगे, समाज में भाईचारा बनाए रखेंगे और अपने हर कार्य से भारत का नाम रोशन करेंगे।

    अंत में, आइए पूरे जोश और गर्व के साथ अपने वीर शहीदों को नमन करें और एक स्वर में कहें—

    भारत माता की जय!
    वंदे मातरम्!
    जय हिन्द!

    स्वतंत्रता दिवस पर 5 मिनट का भाषण

    आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सम्मानित शिक्षकगण, उपस्थित अतिथिगण तथा मेरे प्रिय साथियों,

    आप सभी को 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।

    आज हम सब उस ऐतिहासिक दिन का उत्सव मना रहे हैं, जब वर्षों की गुलामी, संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद 15 अगस्त 1947 को हमारा देश स्वतंत्र हुआ था। यह केवल एक तिथि नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के साहस, त्याग और देशप्रेम का प्रतीक है।

    स्वतंत्रता हमें यूँ ही नहीं मिली। इसके लिए हजारों वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। जब हम स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं, तो शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई, सरदार वल्लभभाई पटेल और अनेक महान विभूतियों के त्याग को कभी नहीं भूल सकते। इन वीरों ने अपने परिवार, सुख-सुविधाओं और यहाँ तक कि अपने जीवन का भी बलिदान केवल इसलिए दिया ताकि आने वाली पीढ़ियाँ स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जी सकें।

    प्रिय साथियों,

    आज हमारा भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, कृषि, रक्षा, खेल और अंतरिक्ष जैसे अनेक क्षेत्रों में हमारा देश निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। भारतीय वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, हमारे खिलाड़ी विश्वभर में तिरंगा लहरा रहे हैं और हमारे युवा अपने नवाचारों से पूरी दुनिया को नई दिशा दे रहे हैं।

    लेकिन स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि यह हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम संविधान का सम्मान करें, कानून का पालन करें, पर्यावरण की रक्षा करें, स्वच्छता बनाए रखें, समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करें तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखें।

    आज के युवाओं के कंधों पर भारत के भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यदि हम ईमानदारी से पढ़ाई करें, अपने कार्य को पूरी निष्ठा से करें, भ्रष्टाचार का विरोध करें, डिजिटल युग में सही जानकारी का उपयोग करें और देशहित को सर्वोपरि रखें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

    आज हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर केवल भारतीय होने पर गर्व करेंगे। हम अपने देश की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों का सम्मान करेंगे तथा अपने कार्यों से भारत का नाम विश्वभर में रोशन करेंगे।

    अंत में मैं अपनी बात इन पंक्तियों के साथ समाप्त करना चाहूँगा-

    "कुछ नशा तिरंगे की आन का है,
    कुछ नशा मातृभूमि की शान का है।
    हम लहराएँगे हर जगह यह तिरंगा,
    नशा यह हिंदुस्तान की पहचान का है।"

    आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि हम एक सशक्त, समृद्ध, स्वच्छ, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना पूर्ण योगदान देंगे।

    जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान।

    जय हिंद!
    वंदे मातरम्!

    स्वतंत्रता दिवस पर जोशीला मंचीय भाषण (5 मिनट)

    "वंदे मातरम्!"

    भारत माता की जय!

    आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सम्मानित गुरुजन, मंचासीन अतिथिगण एवं मेरे प्रिय साथियों...

    आज मैं आपके सामने केवल एक भाषण देने के लिए नहीं, बल्कि उन अमर बलिदानियों को नमन करने के लिए खड़ा हूँ, जिनके त्याग और तपस्या ने हमें आज़ाद भारत में खुली हवा में साँस लेने का अधिकार दिया।

    15 अगस्त केवल एक तारीख नहीं है। यह वह दिन है, जब हर भारतीय का सिर गर्व से ऊँचा हो जाता है, जब तिरंगा केवल आसमान में नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों में लहराता है।

    महान कवि डॉ. मोहम्मद इक़बाल ने भारत की अमर आत्मा का वर्णन करते हुए लिखा था—

    "कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी,
    सदियों रहा है दुश्मन दौर-ए-ज़माँ हमारा।"

    साथियों, यही भारत की शक्ति है। हम पर अनेक आक्रमण हुए, हमें गुलाम बनाया गया, लेकिन हमारी आत्मा कभी पराजित नहीं हुई।

    क्या हम भूल सकते हैं उन क्रांतिकारियों को, जिनकी नस-नस में आज़ादी का जुनून दौड़ता था?

    उनके दिलों की आवाज़ थी—

    "सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है,
    देखना है ज़ोर कितना बाज़ु-ए-क़ातिल में है।"

    यही वह जज़्बा था जिसने भगत सिंह को फाँसी के फंदे पर मुस्कुराना सिखाया, यही वह साहस था जिसने चंद्रशेखर आज़ाद को अंतिम गोली स्वयं पर चलाने का संकल्प दिया।

    कवि जगदम्बा प्रसाद मिश्र 'हितैषी' ने ऐसे अमर वीरों के लिए कहा—

    "शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले,
    वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशाँ होगा।"

    आइए, आज हम सब एक क्षण के लिए उन सभी अमर शहीदों को अपने हृदय से नमन करें।

    प्रिय साथियों,

    देशभक्ति केवल सीमा पर बंदूक उठाने का नाम नहीं है। देशभक्ति का अर्थ है—अपने हर कार्य को ईमानदारी से करना।

    एक विद्यार्थी मन लगाकर पढ़े...
    एक शिक्षक पूरी निष्ठा से पढ़ाए...
    एक किसान पूरे परिश्रम से अन्न उगाए...
    एक वैज्ञानिक नए आविष्कार करे...
    और एक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन करे...

    तो समझिए, पूरा देश आगे बढ़ रहा है।

    माखनलाल चतुर्वेदी की अमर पंक्तियाँ आज भी हमें यही प्रेरणा देती हैं—

    "मुझे तोड़ लेना वनमाली, उस पथ पर तुम देना फेंक,
    मातृभूमि पर शीश चढ़ाने, जिस पथ जाएँ वीर अनेक।"

    साथियों,

    जब हमारा तिरंगा आसमान में लहराता है, तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। आइए, पूरे उत्साह से कहें—

    "विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,
    झंडा ऊँचा रहे हमारा।"

    भारत अनेक धर्मों, अनेक भाषाओं और अनेक संस्कृतियों का देश है, लेकिन हमारी पहचान एक है—हम भारतीय हैं।

    इसी भावना को इन अमर शब्दों में व्यक्त किया गया—

    "सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्ताँ हमारा,
    हम बुलबुलें हैं इसकी, यह गुलिस्ताँ हमारा।"

    इतिहास गवाह है कि इस देश की बेटियाँ भी वीरता में किसी से कम नहीं रहीं। रानी लक्ष्मीबाई इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। इसलिए सुभद्रा कुमारी चौहान ने लिखा—

    "खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झाँसी वाली रानी थी।"

    प्रिय साथियों,

    जब भी हम अपने सैनिकों को याद करते हैं, हमारी आँखें नम हो जाती हैं। तब कवि प्रदीप के शब्द हमारे हृदय में गूँजते हैं—

    "ऐ मेरे वतन के लोगों,
    ज़रा आँख में भर लो पानी।"

    आज भी हमारे सैनिक सीमा पर इसलिए डटे हैं, ताकि हम अपने घरों में सुरक्षित रह सकें।

    मैथिलीशरण गुप्त ने कहा था—

    "जो भरा नहीं है भावों से, जिसमें बहती रसधार नहीं,
    वह हृदय नहीं, पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं।"

    और हमारी संस्कृति का अमर संदेश है—

    "जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।"

    अर्थात—जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी महान हैं।

    प्रिय साथियों,

    आइए, आज इस पावन अवसर पर हम सब मिलकर एक संकल्प लें—

    हम देश को स्वच्छ बनाएँगे।
    हम ईमानदार नागरिक बनेंगे।
    हम संविधान का सम्मान करेंगे।
    हम जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करेंगे।
    और अपने कर्मों से भारत को विश्व का सबसे विकसित, सबसे शक्तिशाली और सबसे महान राष्ट्र बनाएँगे।

    आइए, पूरे जोश के साथ मेरे साथ बोलिए—

    भारत माता की... जय! (श्रोताओं से कहलवाएँ)

    वंदे... मातरम्! (श्रोताओं से कहलवाएँ)

    इंक़लाब... ज़िंदाबाद! (श्रोताओं से कहलवाएँ)

    जय जवान! जय किसान! जय विज्ञान! जय अनुसंधान!

    जय हिन्द!
    जय भारत!

    स्वतंत्रता दिवस के लिए 10 प्रसिद्ध और प्रभावशाली पंक्तियां

    यहाँ स्वतंत्रता दिवस के लिए 10 प्रसिद्ध और प्रभावशाली पंक्तियाँ दी गई हैं, जिन्हें भाषण, निबंध या मंच संचालन में उद्धृत किया जा सकता है।

    1. "कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी,
      सदियों रहा है दुश्मन दौर-ए-ज़माँ हमारा।"
      - डॉ. मोहम्मद इक़बाल

    2. "सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है,
      देखना है ज़ोर कितना बाज़ु-ए-क़ातिल में है।"
      - बिस्मिल अज़ीमाबादी

    3. "शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले,
      वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशाँ होगा।"
      - जगदम्बा प्रसाद मिश्र 'हितैषी'

    4. "मुझे तोड़ लेना वनमाली, उस पथ पर तुम देना फेंक,
      मातृभूमि पर शीश चढ़ाने, जिस पथ जाएँ वीर अनेक।"
      - माखनलाल चतुर्वेदी

    5. "विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,
      झंडा ऊँचा रहे हमारा।"
      - श्यामलाल गुप्त 'पार्षद'

    6. "सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्ताँ हमारा,
      हम बुलबुलें हैं इसकी, यह गुलिस्ताँ हमारा।"
      - डॉ. मोहम्मद इक़बाल

    7. "खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झाँसी वाली रानी थी।"
      - सुभद्रा कुमारी चौहान

    8. "ऐ मेरे वतन के लोगों,
      ज़रा आँख में भर लो पानी।"
      - कवि प्रदीप

    9. "जो भरा नहीं है भावों से, जिसमें बहती रसधार नहीं,
      वह हृदय नहीं, पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं।"
      - मैथिलीशरण गुप्त

    10. "जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।"
      अर्थ: जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं।
      - वाल्मीकि रामायण

    ये सभी पंक्तियाँ 15 अगस्त के भाषण की शुरुआत, समापन या बीच में उद्धृत करने के लिए अत्यंत प्रभावशाली हैं और श्रोताओं पर गहरा प्रभाव छोड़ती हैं।

    Frequently Asked Questions (FAQs)

    Q: 15 अगस्त का भाषण कैसे प्रस्तुत करें?
    A:

    सबसे पहले मंच पर उपस्थित सभी सम्मानित व्यक्तियों का अभिनंदन करें। इसके बाद आयोजनकर्ता के साथ-साथ श्रोताओं का अभिनंदन करते हुए अपने भाषण की शुरुआत करें। 15 अगस्त पर भाषण देते वक्त मुहावरों व कथनों का उपयोग कर इसे और भी बेहतर बनाया जा सकता है। अपने संवाद को स्पष्ट रखें और भाषा को एकदम सहज, जिससे श्रोताओं को आपकी बात को समझने में आसानी हो। 

    Q: 15 अगस्त के बारे में क्या लिखें?
    A:

    15 अगस्त 1947 के दिन, भारत ने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की और इसके साथ ही भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक और गणतंत्र राष्ट्र बन गया। इस अतिविशेष दिन पर हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं जिन्होंने हमारी स्वतंत्रता के लिए अथक संघर्ष किया। उनका साहस और दृढ़ संकल्प हमें अपने देश के बेहतर और उज्जवल भविष्य के लिए प्रयास करने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

    Q: 15 अगस्त क्यों मनाया जाता है speech?
    A:

    वर्ष 1947 में ब्रिटिश शासन से देश को मिली आजादी की स्मृति में भारत में स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त को मनाया जाता है। वर्ष 1947 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद से, भारत ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास के मामले में एक लंबा सफर तय किया है। भारत ने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। हमने गरीबी, लैंगिक असमानता और जाति आधारित भेदभाव जैसे सामाजिक मुद्दों को खुल कर उठाया है और हमने इसमें प्रगति भी की है। हालांकि, अभी भी कई ऐसी चुनौतियां हमारे सामने मुंह खोले खड़ी हैं जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। 

    Q: 15 अगस्त को कौन भाषण देता है?
    A:

    समाज के गणमान्य लोगों के अलावा, कार्यालय के कर्मचारी व पदाधिकारी, छात्र व वरिष्ठ नागरिक 15 अगस्त पर भाषण देते हैं। स्वतंत्रता दिवस पर भाषण के साथ कई जगहों पर वाद-विवाद व भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है, जिसमें समाज के आम व्यक्ति प्रतियोगी बनकर हिस्सा लेते हैं। 

    Q: 15 अगस्त से पहले 14 अगस्त को क्या मनाया जाता है?
    A:

    14 अगस्त को, हमारा देश भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाता है। यह विभाजन की भयावहता को याद करने का दिन है, जिस समय हमारे महान राष्ट्र का विभाजन हुआ, तब लाखों लोगों को मजबूरन पलायन करना पड़ा। देश के लाखों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। स्वतंत्रता दिवस मनाने से एक दिन पहले, हम उस अभूतपूर्व मानवीय त्रासदी को याद करते हैं और उन परिवारों के साथ एक-जुट होकर खड़े होते हैं जो छिन्न-भिन्न कर दिए गए थे।

    Q: 15 अगस्त भाषण की शुरुआत कैसे करें?
    A:

    स्वतंत्रता दिवस पर भाषण या 15 अगस्त पर भाषण देने की तैयारी से पहले यह ध्यान दें कि आपको किसके सामने भाषण देना है। स्वतंत्रता दिवस पर भाषण जहां देना है, वह छोटे बच्चे हैं, हाई स्कूल के बच्चे हैं, या कॉलेज के या अन्य उम्रदराज लोग। छोटे बच्चे हों तो आसान शब्दों में 15 अगस्त के बारे में बताएं। यह क्यों मनाया जाता है? इसका क्या महत्व है? देश प्रेम की भावना के बारे में बताएं और अपने स्रोताओं के हिसाब से अपने भाषण की तैयारी करें। स्पीच देने से पहले कई बार प्रैक्टिस करें, ताकि जब आप भाषण दें तो आपको किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो और आप बिना रुके एक फ्लो में भाषण दे सकें। 15 अगस्त पर भाषण में कुछ तथ्यों को रखें जिससे उसकी सार्थकता साबित हो और लोग आपकी की स्पीच से जुड़ा हुआ महसूस करें।

    Q: 15 अगस्त को 1 मिनट का भाषण क्या है?
    A:

    1 मिनट का स्वतंत्रता दिवस भाषण देना हो तो हमें 15 अगस्त का महत्व बताना चाहिए। जैसे- आज 15 अगस्त है, आज ही के दिन देश को आजादी मिली थी। भारत का यह जन्मदिन, जिसे भारतीय स्वतंत्रता दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इसी दिन, 1947 में, भारत को ब्रिटिश शासन से आज़ादी मिली थी। हम बापू और भगत सिंह जैसे अपने स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता को याद करते हैं। आइए, बच्चों के रूप में, अच्छे बनने और भारत को गौरवान्वित करने का वादा करें।


    Upcoming School Exams
    Ongoing Dates
    Chandigarh University (CUCET) Application Date

    25 Oct'25 - 10 Aug'26 (Online)

    Ongoing Dates
    SUNAT Application Date

    29 Dec'25 - 8 Aug'26 (Online)

    Ongoing Dates
    CFA Exam Others

    11 Feb'26 - 18 Aug'26 (Online)